ब्लिट्ज ब्यूरो
नोएडा। जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास बनने वाली सबसे बड़ी फिल्म सिटी में दुनिया का सबसे बड़ा ‘ऊँ’ बनेगा। एक करोड़ स्क्वॉयर फीट जमीन पर इसका निर्माण होगा। फिल्म सिटी का विकास करने वाली कंपनी का दावा है कि इसे अंतरिक्ष से भी देखा जा सकेगा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-21 में एक हजार एकड़ में अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी प्रस्तावित है। फिल्म सिटी का दूसरा चरण 670 एकड़ में बनना है।
फिल्म सिटी का निर्माण करने वाली कंपनी भूटानी इंफ्रा के सीईओ आशीष भूटानी के अनुसार फिल्म सिटी के दूसरे चरण में 250 एकड़ में ॐ बनाया जाएगा। यह ॐ का प्रतीक इतना बड़ा होगा कि इसे अंतरिक्ष से भी देखा जा सकेगा। यह फिल्म सिटी का मुख्य आकर्षण होगा और इसी धार्मिक मॉडल पर फिल्म सिटी का निर्माण होगा। अंतरिक्ष से दिखाई देने वाला यह दुनिया का तीसरा स्थान होगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही जलाशयों और कृत्रिम नहरों का भी निर्माण किया जाएगा। इनमें स्टीमर, याट और आकर्षक नाव चलेंगी।
कनाडा की कंपनी ने बनाया डिजाइन
आशीष भूटानी ने बताया कि यह फिल्म सिटी दुनिया की सबसे आधुनिक, सबसे बड़ी और तकनीकी रूप से सबसे आगे रहने वाली होगी। इसका नक्शा 21 देशों का भ्रमण करने के बाद तैयार किया गया है। इसका पूरा डिजाइन कनाडा की कंपनी फोरेक ने बनाया है। यह वही कंपनी है जिसने यूनिवर्सल स्टूडियो और डिजनीलैंड को डिजाइन किया है।













