ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा ने क्रेड एप के फाउंडर कुणाल शाह को वॉट्सएप का नया ग्लोबल हेड बनाया है। वे विल कैथकार्ट की जगह लेंगे, जो 7 साल से वॉट्सएप की कमान संभाल रहे थे। कैथकार्ट अब मेटा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े नए प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे।
यह जानकारी मेटा सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने पोस्ट कर दी है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने यह फैसला उस डील के तहत लिया है, जिसमें मेटा यूपीआई और बिल पेमेंट एप क्रेड में करीब 8,550 करोड़ रुपए निवेश करेगी। इसके बदले मेटा को क्रेड में 20% की हिस्सेदारी मिलेगी। इसके बाद क्रेड कंपनी की कुल वैल्यूएशन बढ़कर ₹43,239 करोड़ हो जाएगी। मेटा के मुताबिक, कुणाल शाह के बॉस बनने के बाद वॉट्सएप का पूरा ध्यान दो बड़ी चीजों पर होगा। कंपनी अब वॉट्सएप के जरिए ज्यादा पैसे कमाने की तैयारी में है। इसके लिए एप में विज्ञापन दिखाए जा सकते हैं और कुछ खास फीचर्स के लिए मंथली फीस यानी सब्सक्रिप्शन भी लाया जा सकता है। वॉट्सएप के अंदर अलग-अलग तरह के ‘एआई एजेंट्स’ (यानी कंप्यूटर प्रोग्राम या चैटबॉट्स) जोड़े जाएंगे।












