ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण सरकारी विभागों में वरिष्ठ स्तर के प्रशासनिक फेरबदल के तहत 21 संयुक्त सचिवों की नियुक्ति की है। यह फेरबदल विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में अधिकारियों की तैनाती को लेकर किया गया है।
इस फेरबदल के तहत बिहार कैडर के 2009 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी एम. रामचंद्रुडू को गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विजय नामदेवराव जाडे और प्रकाश राजपुरोहित को रक्षा उत्पादन विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर तैनात किया गया है।
किसे कहां मिली नियुक्ति?
कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश के अनुसार, अमित कुमार को वाणिज्य विभाग में संयुक्त सचिव, शिव पाल सिंह को सहकारिता मंत्रालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, नेहा बंसल को राष्ट्रीय अभिलेखागार, भारत में अतिरिक्त महानिदेशक (रिकॉर्ड प्रबंधन) के पद पर नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त, वरिष्ठ नौकरशाह अमित अग्रवाल और पलका साहनी को पंचायती राज मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। जयश्री एम. जी. को ग्रामीण विकास विभाग में संयुक्त सचिव, एस. शशि कुमार को इसी विभाग में संयुक्त सचिव और संदीप रेवाजी राठौड़ को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है।













