ब्लिट्ज ब्यूरो
हैदराबाद। ‘मिस वर्ल्ड 2025’ पेजेंट की शुरुआत हो चुकी है। इसकी मेजबानी का जिम्मा इस बार भारत के पास है। हैदराबाद में ‘मिस वर्ल्ड’ के 72वें संस्करण में राजस्थान के कोटा की नंदिनी गुप्ता भारत का दमदार प्रतिनिधित्व करती नजर आईं ं। जहां 110 देशों की सुंदरियों के बीच नंदिनी ने पहले ही दिन कॉस्ट्यूम राउंड में अपनी अलग छाप छोड़ दी और सबका दिल जीत लिया।
‘फेमिना मिस इंडिया वर्ल्ड 2023’ का ताज अपने नाम कर चुकी नंदिनी नेशनल कॉस्ट्यूम राउंड के लिए भारत की स्वर्णिम संस्कृति की कहानी बयां करती खूबसूरत आउटफिट पहनकर आई थीं। तभी तो जैसे ही भारत का झंडा हाथ में लेकर हसीना मंच पर आईं, तो सब उन्हें देखते ही रह गए। जहां उनके इस लुक को खास बनाने के लिए एक-एक एलिमेंट्स का खास ख्याल रखा गया, जो भारतीय संस्कृति की सुंदरता दिखा गया।
किसने किया डिजाइन?
‘मिस वर्ल्ड’ के मंच पर भारतीय सुंदरता बिखेरने के लिए नंदिनी ने डिजाइनर गौरांग शाह का खूबसूरत लहंगा और चोली पहना जिस पर आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र की जामदानी बुनाई की कमाल की जुगलबंदी देखने को मिली। यह पोशाक हाथ से काते गए चरखे के खादी धागे से बनी थी जिसमें सुनहरी जरी की जामदानी लहरिया बुनाई की गई है। इसे पहन वह खासकर साउथ इंडियन वाली ब्यूटी दिखा गईं।
ऐसा डिजाइन
सफेद लहंगा जहां प्लेन था, तो उसके बॉर्डर को ब्लाउज से मैचिंग बनाया गया। जिसकी सिंपल नेकलाइन, हाफ स्लीव्स और सेम पैटर्न वाला प्लीटेड दुपट्टा साथ में शानदार लगा। जहां किनारे और पल्लू पर ‘बांगड़ी मोर’ नाम का सुंदर डिजाइन बना था। जिसमें एक चूड़ी के अंदर चार मोर नाचते हुए दिखे, जो भारत की पारंपरिक बुनाई की खूबसूरती को दिखाता है।
जूलरी के तो क्या ही कहने
नंदिनी की आउटफिट ही नहीं, जूलरी को भी बेहद खूबसूरत बनाया गया। वह किशंदास ज्वेलरी के पारंपरिक गहनों को पहन अपना शाही अंदाज दिखा गईं ं। जहां उनका हर जूलरी पीस भारत के राजसी इतिहास की भव्यता को दर्शाता था। उनके गहनों में चांद और सूरज वाला एक खास डिजाइन था, जो सूर्य और चंद्रमा की शुभता का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने मोतियों, रूबी और हीरों से सजा हुआ मोर वाला टू लेयर नेकलेस पहना था। जिसने खूबसूरत में चार चांद लगा दिए।
हर एलिमेंट का रखा खास ध्यान
यही नहीं, नंदिनी ने जो कड़े और रंग- बिरंगी चूड़ियां पहनी, वो भी उनके लुक को कॉम्प्लिमेंट कर रही थी। साथ ही नक्काशीदार अंगूठियां, पारंपरिक वांकी और बारीकी से बना कमरबंद लुक को और भी निखार गया। वहीं, मांग टीका, नथ, छोटा – सा चोकर सेट भी उनके लुक में परंपरा और खूबसूरती का परफेक्ट मेल लगा जिसे पहन 5.8 इंच की हसीना का खूबसूरत लुक देखते ही बना।

























