ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। ‘मेक इन इंडिया’ को बड़ी ताकत देने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया गया है। सूर्यास्त्र रॉकेट लॉन्चर सिस्टम के सफल परीक्षणों के बाद अब महाराष्ट्र के शिरडी में स्थित निबे के डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉम्प्लेक्स में हर साल करीब 5 लाख आर्टिलरी शेल (तोप के गोले) तैयार किए जाएंगे। यह भारत के निजी क्षेत्र का सबसे बड़ा आर्टिलरी गोला-बारूद उत्पादन केंद्र माना जा रहा है।
इस अत्याधुनिक रक्षा उत्पादन परियोजना का उद्घाटन विगत दिवस रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया। इससे भारत की रक्षा उत्पादन क्षमता को बड़ा बढ़ावा मिलेगा और सेना को स्वदेशी गोला-बारूद की तेज आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी। अहिल्या नगर जिले के शिरडी में स्थित यह नया परिसर भारत के निजी क्षेत्र के रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सुविधा रक्षा और एयरोस्पेस के क्षेत्रों में उन्नत विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए डिज़ाइन की गई है।













