ब्लिट्ज ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने विगत दिवस वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अाम बजट पेश किया, जिसमें किसानों, महिलाओं, युवाओं और उद्योगों के लिए कई अहम घोषणाएं की गईं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में बजट प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह बजट राज्य के समग्र विकास, रोजगार सृजन और मजबूत बुनियादी ढांचे को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। सरकार का दावा है कि आने वाले वर्षों में यह बजट हरियाणा की आर्थिक स्थिति को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
– उद्योगों के लिए 500 करोड़ का ‘सक्षम’ फंड
– हर जिले में “स्वस्थ नारी क्लीनिक” खोलने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने करीब 3 घंटे 10 मिनट का लंबा बजट भाषण दिया और कुल 2 लाख 23 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया। यह बजट चालू वित्त वर्ष के संशोधित अनुमान 2.02 लाख करोड़ रुपये से लगभग 10.28 प्रतिशत अधिक है। सरकार के अनुसार यह अब तक का सबसे बड़ा और लंबा बजट है, जो राज्य की विकास योजनाओं को नई गति देगा। बजट पेश करते समय मुख्यमंत्री केसरिया पगड़ी में नजर आए, जो चर्चा का विषय भी बना।
बजट में कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए विशेष कदम उठाने की बात कही गई है। सरकार ने किसानों के लिए नया “एग्री डिस्कॉम” शुरू करने की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य कृषि से जुड़े बिजली प्रबंधन को बेहतर बनाना और किसानों को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। सरकार का कहना है कि इससे खेती की लागत कम होगी और कृषि उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
महिलाओं के स्वास्थ्य पर खास ध्यान
महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए हर जिले में “स्वस्थ नारी क्लीनिक” खोलने की घोषणा की गई है। इन क्लीनिकों के जरिए महिलाओं को स्वास्थ्य जांच, परामर्श और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का मानना है कि इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए ‘सक्षम’ फंड
राज्य में निवेश और रोजगार बढ़ाने के उद्देश्य से उद्योग क्षेत्र के लिए 500 करोड़ रुपये का ‘सक्षम’ फंड बनाने की घोषणा की गई है। इस फंड के माध्यम से नए उद्योगों को प्रोत्साहन देने, स्टार्टअप्स को सहयोग प्रदान करने और औद्योगिक विकास को गति देने की योजना है। सरकार का लक्ष्य है कि हरियाणा को निवेश के लिए और अधिक आकर्षक बनाया जाए।
अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में आरक्षण
बजट की चर्चित घोषणाओं में से एक पुलिस भर्ती में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला भी रहा। सरकार का कहना है कि इससे सेना में सेवा दे चुके युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा सकेगा।
आर्थिक विकास और 1 ट्रिलियन इकोनॉमी का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि पिछले दस वर्षों में हरियाणा की प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जो राष्ट्रीय औसत से भी अधिक है।
उन्होंने बताया कि सरकार वर्ष 2047 तक हरियाणा को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। इसके लिए बुनियादी ढांचे, उद्योग, कृषि और सेवा क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार ने इस बजट को विकासोन्मुख और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बताया है।













