ब्लिट्ज ब्यूरो
पटना। पटना उच्च न्यायालय यानी हाई कोर्ट को जल्द ही नया चीफ जस्टिस मिलने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने सिक्कि म उच्च न्यायालय की वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस मीनाक्षी मदन राय को पटना हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। माना जा रहा है कि 4 जून के बाद मीनाक्षी मदन राय पटना हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पद संभाल सकती हैं।
कौन हैं मीनाक्षी मदन राय
जस्टिस मीनाक्षी मदन राय सिक्कि म हाई कोर्ट की पहली महिला जज हैं। अपने लंबे प्रशासनिक और न्यायिक अनुभव की वजह से उनकी गिनती देश की सबसे वरिष्ठ महिला न्यायाधीशों में होती है। 12 जुलाई 1964 को गंगटोक में जन्मीं जस्टिस मीनाक्षी के पिता मदन मोहन रसैली सिक्कि म सरकार में गृह सचिव रह चुके हैं। उनकी मां रबी माला रसैली एक टीचर थीं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा गंगटोक और पश्चिम बंगाल से पूरी करने के बाद ताशी नामग्याल अकादमी से 12वीं की परीक्षा पास की।
दिल्ली से की लॉ की पढ़ाई
मीनाक्षी मदन राय ने हायर एजुकेशन दिल्ली से हासिल की। उन्होंने लेडी श्री राम कॉलेज से राजनीति विज्ञान में ऑनर्स किया। इसके लिए उन्हें सिक्कि म सरकार की तरफ से मेरिट स्कॉलरशिप भी मिली थी।
इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के कैंपस लॉ सेंटर से एलएलबी की डिग्री हासिल की।
दिल्ली हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में वकालत का अनुभव
एलएलबी पूरी करने के बाद मीनाक्षी मदन राय ने साल 1990 में दिल्ली बार एसोसिएशन में रजिस्ट्रेशन कराने क बाद प्रैक्टिस शुरू की। उन्होंने शुरुआत में दिल्ली हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस की। इसके बाद सिक्कि म न्यायिक सेवा में शामिल हो गईं और गंगटोक में जुडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास-कम-सिविल जज के तौर पर अपने करियर शुरू किया।













